होमगार्ड भर्ती की दौड़ में बेहोश हुए युवक की मौत
पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा सचिन, सोमवार तड़के तोड़ा दम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़ लगाते समय बेहोश हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। करीब पांच दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद सोमवार तड़के सचिन कुमार (28) ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत 15 सितंबर को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में शामली जिले के अभ्यर्थियों की दौड़ आयोजित की गई थी। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव गुज्जरपुर निवासी सचिन कुमार पुत्र विनोद कुमार भी इसमें शामिल हुआ था। बताया गया कि निर्धारित नंबर पर दौड़ लगाते समय अंतिम चरण में अचानक सचिन बेहोश होकर मैदान में गिर गया।साथी अभ्यर्थियों और आयोजकों ने उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। करीब पांच दिन तक उपचार के बाद सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे सचिन की मौत हो गई।युवक की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उसके घर पहुंच गए। सोमवार सुबह करीब छह बजे शव गांव पहुंचा। इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
*चार भाइयों में सबसे बड़ा था सचिन*..
सचिन चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह होमगार्ड भर्ती की तैयारी करने के साथ खेती और अन्य कार्यों में परिवार का हाथ बंटाता था। उसके पिता विनोद कुमार किराना की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। छोटा भाई पवीन कुमार मेडिकल स्टोर चलाता है, जबकि दो अन्य छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं और नौकरी की तैयारी में जुटे हैं। सचिन की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।



