शामली

चेयरमैन पर दर्ज मुकदमे के विरोध में एसपी से मिले सभासद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। सभासद और कॉलोनीवासियों के बीच कहासुनी के बाद हुई मारपीट के मामले में नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में पालिका सभासदों ने एसपी से मुलाकात की। सभासदों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की।

एसपी को दिए ज्ञापन में सभासदों ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के माध्यम से उन्हें प्रकरण की जानकारी मिली। सभासदों का कहना है कि वार्ड-16 के सभासद अनिल उपाध्याय द्वारा चेयरमैन पर लगाए गए आरोपों को सोशल मीडिया पर अलग रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

सभासदों ने कहा कि वे तीन वर्ष से अधिक समय से पालिका बोर्ड में कार्य कर रहे हैं और उनके अनुभव के अनुसार चेयरमैन का व्यवहार ऐसा नहीं रहा है। सभासदों ने बताया कि उन्होंने नगर पालिका परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी है। उनके अनुसार फुटेज में चेयरमैन दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में हस्तक्षेप करते दिखाई नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने पुलिस से पूरे प्रकरण की वीडियो फुटेज की जांच कराने के साथ संबंधित लोगों की मोबाइल टावर लोकेशन और सीडीआर की जांच कराने का अनुरोध किया। सभासदों ने अनिल उपाध्याय के संबंध में कुछ आरोप लगाते हुए पूर्व के विवादों का हवाला भी दिया और मामले की निष्पक्ष विवेचना की मांग की।

इस अवसर पर सभासद गुलजारी मंसूरी, पंकज गुप्ता, सेठपाल सिंह, रामनिवास, डॉ. सुशील संगल, हरिओम पाठक, देवानंद गौड़, रोबिन गर्ग, विनोद तोमर, कालू कुरैशी, धुरेंद्र सिंह, अरविंद, तोहिद रहमानी, संदीप कुमार, मनोज कुमार और सोनू चावला आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button