शामली
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला : दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर द गोल्ड पब्लिक स्कूल के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी शहजादा मंगलवार को बाइक से अपनी ससुराल गांव खंद्रावली जा रहा था। बताया गया कि द गोल्ड पब्लिक स्कूल के निकट पहुंचते ही पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शहजादा सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से निकल गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया तथा दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
उपनिरीक्षक ओंकार नाथ पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है। वाहन और चालक की पहचान होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



