रामपुर शाहबाद
गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। नगर के मंदिरों में विराजमान गणपति महाराज की प्रतिमाओं का शुक्रवार को श्रद्धाभाव के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष लगाते हुए नाचते-गाते और अबीर उड़ाते हुए रामगंगा घाट पहुंचे।
नगर के बिजलीघर स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला बरवलान के चामुंडा मंदिर, हकीमान स्थित वाल्मीकि मंदिर, जिलेदारान स्थित शिव मंदिर, एसडीएम कॉलोनी, नालापार स्थित शिव मंदिर तथा बेरियों वाले शिव मंदिर समेत विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणपति प्रतिमाओं को शोभायात्रा के रूप में रामगंगा घाट ले जाया गया। शोभायात्राओं में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते हुए गणपति महाराज को विदाई देने पहुंचे।
इससे पहले दस दिनों तक मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। रामगंगा घाट पर इस बार प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। क्रेन की मदद से गणेश प्रतिमाओं का नदी में विसर्जन कराया गया।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई थीं। घाट पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। इस दौरान कोतवाल धनंजय सिंह, भाजपा नेता सुरेश बाबू गुप्ता, व्यापारी नेता मुकेश चंद गुप्ता, कस्बा इंचार्ज रोहित कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



