तीव्र मोड़ पर फलों से भरा ट्रक पलटा, चालक-परिचालक घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। मेरठ-सहारनपुर बाईपास पर शनिवार तड़के साईं मंदिर के निकट तीव्र मोड़ पर फलों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर ट्रक पलटने से यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में जेसीबी की मदद से ट्रक को सीधा कराया गया।
पंजाब के गुरदासपुर निवासी ट्रक चालक सोविन्द्र सिंह अपने परिचालक जितेन्द्र के साथ अमृतसर से नाशपाती लेकर बिहार जा रहा था। बताया गया कि सुबह करीब चार बजे साईं मंदिर के निकट तीव्र मोड़ पर पहुंचते ही ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर पलट गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ढाबों पर मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रक में फंसे चालक व परिचालक को बाहर निकाला। दोनों को चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिन निकलने पर दूसरा ट्रक बुलाकर उसमें नाशपाती लादी गईं। इसके बाद जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीधा कराया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। ट्रक में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान होने की बात बताई गई है।



