ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 28 सितंबर को कांग्रेस निकालेगी मार्च- तनवीर आलम
Congress to hold a march against Gyanesh Kumar on September 28 – Tanveer Alam

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ में प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह- पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के उभरता हुआ युवा नेता तनवीर आलम ने प्रेसवार्ता कर निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी पार्टी की मांगें मीडिया के समक्ष रखीं। तनवीर आलम ने कहा कि देश में कई ज्वलंत मुद्दे हैं, जिन पर गंभीरता से चर्चा और जवाबदेही की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े सवालों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर सवाल उठाए जाने के दौरान भारतीय जनता पार्टी की ओर से हस्तक्षेप किया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग और भाजपा के बीच कथित मिलीभगत की आशंका की बात भी कही। हालांकि, ये उनके द्वारा लगाए गये राजनीतिक आरोप हैं। उन्होंने बताया कि 28 सितंबर 2026 को पाकुड़ शहर से समाहरणालय के मुख्य द्वार तक विशाल मार्च निकाला जायेगा। मार्च के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के संबंध में पार्टी की आपत्तियों और मांगों को सामने रखा जायेगा। उन्होंने कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी मार्च में भाग लेने की अपील की। प्रेसवार्ता के दौरान तनवीर आलम ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के सम्बन्ध में लगाए गये आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। उन्होंने उनके कार्यकाल के दौरान लिए गये निर्णयों की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी की। उन्होंने SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में किए गये नामों के जोड़ने, विलोपन और अन्य संशोधनों की स्वतंत्र समीक्षा व जांच की मांग रखी। साथ ही निर्वाचन आयोग की प्रणाली, डेटा प्रबंधन और केंद्रीकरण से सम्बन्धित प्रक्रियाओं की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच तथा ऑडिट कराने की मांग भी की। तनवीर आलम ने कहा कि मतदाता सूची से सम्बन्धित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और नागरिकों को प्रभावी ढंग से आपत्ति दर्ज कराने तथा सुनवाई का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों में संस्थागत जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। कांग्रेस नेता तनवीर आलम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और स्वतंत्र समीक्षा आवश्यक है। प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस के जिला प्रवक्ता मुख्तार हुसैन, प्रखण्ड अध्यक्ष मानसारुल हक, युवा जिला अध्यक्ष बेलाल शेख, वरीय पदाधिकारी असद हुसैन, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शहनाज बेगम व सोशल मीडिया चैयरपर्सन पियारुल इस्लाम उपस्थित थे।



