गोड्डा
कांग्रेस का हमला: लोकतंत्र, चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा: जिला मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर जमकर हमला बोला। कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता सह कॉर्डिनेटर अवधेश प्रजापति और प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र यादव ने लोकतंत्र के समक्ष खड़े खतरों, चुनाव आयोग की भूमिका और देश की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए।
अवधेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी और ईवीएम से छेड़छाड़ के जरिए लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग निष्पक्ष काम करने के बजाय केंद्र सरकार के इशारों पर काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) के माध्यम से फर्जी तरीके से मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं ताकि चुनाव परिणामों को प्रभावित किया जा सके। इसके अलावा, उन्होंने महंगाई, जीएसटी और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता के टैक्स का पैसा चंद उद्योगपतियों को फायदा पहुँचाने में लुटाया जा रहा है। उन्होंने हरियाणा, बिहार और असम सहित हालिया चुनावों को रद्द करने तथा केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की मांग की।
वहीं, प्रदेश प्रवक्ता जितेंद्र यादव ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग की कार्यशैली पर उठाए गए सवाल अब सच साबित हो रहे हैं। चुनाव आयुक्तों के भीतर के मतभेद इस बात का प्रमाण हैं कि आयोग पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है।
जितेंद्र यादव ने घोषणा की कि लोकतंत्र की रक्षा और भ्रष्ट कार्यप्रणाली के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के नेतृत्व में झारखंड के सभी जिलों में चुनाव आयोग के कार्यालयों के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।



