हापुड़

नवरात्र में हापुड़ को विकास की सौगात, 15 करोड़ से सुधरेंगी सड़कें-नालियां

शहर के दर्जनों मोहल्लों में सड़क व नाली निर्माण की तैयारी तेज, टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़। शहर में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हापुड नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी संजय मिश्रा ने बड़े स्तर पर विकास कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है। नवरात्र के दौरान शहर के विभिन्न मोहल्लों में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और नाली निर्माण के कार्य कराए जाने प्रस्तावित हैं। लंबे समय से खराब रास्तों और जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों को इन कार्यों से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर पालिका ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की सूची तैयार की है। योजना के तहत कई स्थानों पर नई सड़कें बनाई जाएंगी, जबकि क्षतिग्रस्त और जर्जर रास्तों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके साथ ही जलनिकासी की समस्या वाले क्षेत्रों में नई नालियों के निर्माण और पुरानी नालियों के सुधार पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में
प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है । तकनीकी बिड खोले जाने के बाद अब ठेकेदारों के चयन समेत अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवरात्र के दौरान निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है।

इन इलाकों में होंगे विकास कार्य –

योजना में गांधी विहार, कोटला मेवातियान, सूरजगंज, अलीनगर, तगासराय, सर्वोदय कॉलोनी, राजीव इन्क्लेव, सराय बरासत, देवलोक कॉलोनी, श्रीनगर, शक्तिनगर, बुलंदशहर रोड आवास विकास कॉलोनी, मजीदपुरा, गोल मार्केट, लज्जापुरी और प्रेमपुरा समेत कई मोहल्लों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा आदर्शनगर कॉलोनी, गिरधरपुरा, शिवनगर, प्रह्लादनगर, गणेशपुरा, नवीकरीम, शिवगढ़ी, चंद्रलोक कॉलोनी, राजीव विहार, रघुवीर गंज, फूलगढ़ी, कोटला, चमरी और कोठीगेट क्षेत्र में भी सड़क और नाली निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।

जलनिकासी व्यवस्था को भी मिलेगी मजबूती –

विकास योजना में सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। नई नालियों के निर्माण और मौजूदा नालियों के सुधार से पानी की निकासी बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।

ईओ संजय मिश्रा – सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही काम शुरू होंगे ।

हापुड़ नगर पालिका परिषद के ईओ संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संबंधित क्षेत्रों में निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय जरूरत के आधार पर सड़क और नाली निर्माण के कार्य प्रस्तावित हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button