बरेली
साइबर अपराधियों को खाते उपलब्ध कराने वाला शातिर गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जाबिर खान पुत्र साबिर खान निवासी ग्राम बिछरुइया, थाना बिनावर, जिला बदायूं (34 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर को उपनिरीक्षक कपिल राघव टीम के साथ भ्रमण पर थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि एक संदिग्ध साइबर फ्रॉड बरेली कैंट स्थित वीरांगना चौक के पास बैंक खातों और कमीशन को लेकर बात कर रहा है। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास से डार्क ग्रे रंग का वीवो मोबाइल (नंबर 8700290116) बरामद हुआ। मोबाइल में व्हाट्सएप पर बैंक खातों के लेन-देन, पैन कार्ड, पासबुक, यूपीआई से जुड़ी फोटो और चैट मिलीं। उसके पास एक कागज पर लिखे दो बैंक खातों के नंबर भी मिले, जिनकी समन्वय पोर्टल पर जांच में एक पर तमिलनाडु और दूसरे पर दिल्ली में शिकायत दर्ज मिली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक और सिम की व्यवस्था कर दिल्ली के साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था और कमीशन लेता था। वह पहले भी जेल जा चुका है।
उसके विरुद्ध थाना साइबर क्राइम में मु0अ0सं0 57/2026 धारा 318(4) BNS व 66D IT एक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पूर्व में उस पर गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में भी केस दर्ज है।
गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कपिल राघव, हेड कांस्टेबल धीरज कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार और अंकुल सिंह की टीम ने की।



