दुकान में घुसकर तोड़फोड़ , सामान सड़क पर फेंका
25-30 महिला-पुरुषों पर बलवा, मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप, घटना सीसीटीवी में कैद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। रेलवे रोड स्थित एक दुकान में 25-30 महिला-पुरुषों के घुसकर तोड़फोड़ करने, सामान सड़क पर फेंकने और दुकान पर जबरन कब्जे का प्रयास करने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके सहयोगी के साथ मारपीट कर जानलेवा हमला किया। घटना के दौरान दुकान में हुई तोड़फोड़ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल कैमरों में कैद होने की बात कही गई है।
नगर के रेलवे रोड निवासी विनय बालियान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पूर्वी यमुना नहर के पास दूध-दही की दुकान करता है। बृहस्पतिवार सुबह काम समाप्त होने के बाद वह घर चला गया था। मेरा सहयोगी मोहित शर्मा दुकान पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ला खेल निवासी गुलजार और नूरदीन पुत्र मेहरदीन करीब 25-30 महिला-पुरुषों के साथ दुकान पर पहुंचे और जबरन दुकान में घुस गए।
विनय का आरोप है कि आरोपियों ने मोहित शर्मा के गले में फंदा डालकर उसके सिर पर तमंचे की बट से वार किया और जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। इसके बाद दुकान में जमकर तोड़फोड़ करते हुए फर्नीचर, शीशे के गेट, कुर्सियां, सोफे और डीप फ्रिज आदि क्षतिग्रस्त कर दिए। दुकान का सामान बाहर सड़क पर फेंक दिया गया।
दुकान संचालक ने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के दौरान दुकानदारी से जमा करीब एक लाख रुपये भी गायब हो गए। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।
विनय ने बताया कि गुलजार और नूरदीन के साथ उसका सिविल जज (जूनियर डिवीजन), कैराना न्यायालय में वाद भी विचाराधीन है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी दुकान पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
दुकान में हुई तोड़फोड़ की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा मौके पर मौजूद कुछ युवकों के मोबाइल फोन में भी रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला और पुरुष दुकान के अंदर तोड़फोड़ करते और सामान सड़क पर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है।
पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर दुकान में घुसकर तोड़फोड़, बलवा, सामान गायब करने और सहयोगी पर जानलेवा हमला करने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।