बागपत
डिवाइन में बच्चों ने दिया गांधी के सत्य-अहिंसा और शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन का संदेश
गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने दीं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। डिवाइन ग्लोबल एकेडमी में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनके जीवन, विचारों तथा देश के प्रति योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ईमानदार, सरल और देशसेवा से प्रेरित जीवन का संदेश दिया। वरदान, रिसव, आरव, अर्णव, शौर्य, विशेष, संस्कार, अभिनव, अंश, पीयूष, लवप्रीत, देव सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी और उनके अनुयायियों का रूप धारण कर सुंदर अभिनय प्रस्तुत किया। अभिनय के माध्यम से सत्य और अहिंसा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया तथा सभी ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत करते हुए बताया कि उन्होंने सत्य और अहिंसा को अपने जीवन का आधार बनाया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। बच्चों ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना भी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य केके त्यागी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम बच्चों को देश के इतिहास और महान व्यक्तित्वों से जोड़ने का कार्य करते हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चे न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, बल्कि उन्हें नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी मिलती है।
इस दौरान राजकुमार शर्मा, हरेंद्र सिंह, दीपक लश्करी, रितु तोमर, राखी शर्मा, उमा तोमर, तनु तोमर, बीना पालीवाल, वंदना, निधि तोमर, सिया तोमर, रिया त्यागी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
