दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
Peace committee meeting held regarding Durga Puja; appeal made to maintain harmony.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया थाना परिसर में रविवार को दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार एवं पाकुड़िया बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में थाना क्षेत्र के करीब 20 पूजा स्थलों पर होने वाले दुर्गापूजा आयोजन को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा समितियों से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक संदेश प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी। किसी भी अप्रिय घटना, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने को कहा गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। मौके पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, एसआई रवि कुमार, एएसआई महादेव चौधरी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, सांसद प्रतिनिधि खुर्शेद आलम समेत विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य मौजूद थे।



