ट्रैक्टर—ट्रॉली चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। टक्कर मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर—ट्रॉली चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया।
गांव बुच्चाखेड़ी निवासी विक्रम ने मुकदमा दर्ज कराया कि 21 सितंबर की रात करीब आठ बजे वह बाइक से अपनी मां को लेने जा रहा था। इसी दौरान झाड़खेड़ी बिजलीघर के सामने कैराना की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी, जिस कारण वह सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली उसके हाथ के ऊपर से निकल गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पानीपत के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों को उसका एक हाथ काटना पड़ा। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।


