साहेबगंज
जिला प्रशासन और गंगा मिशन की पहल,जनसंपर्क कार्यालय परिसर में किया गया वृक्षारोपण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में पर्यावरण संरक्षण हरित आवरण के विस्तार एवं प्रकृति के प्रति जन- जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं गंगा मिशन कोलकाता,साहिबगंज के संयुक्त तत्वावधान में जिला जनसंपर्क कार्यालय परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास ने पौधारोपण कर किया।इस अवसर पर कार्यालय परिसर में नारियल, आंवला, कटहल,आम,अमरूद सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।कार्यक्रम के माध्यम से कार्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा,स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ-साथ आमजनों को भी वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।अपने संबोधन में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं,बल्कि हमारे जीवन,स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।वृक्ष हमें शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, तापमान को नियंत्रित करने,जल संरक्षण में सहयोग करने तथा जैव विविधता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने आगे कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।हम सभी को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हम सभी को अपने जीवन के किसी भी महत्वपूर्ण अवसर,उत्सव अथवा विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करे,तो आने वाले समय में हमारा जिला एक सशक्त एवं समृद्ध हरित क्षेत्र के रूप में विकसित हो सकता है।वही कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है।इस अवसर पर मीडिया कर्मी,गंगा मिशन कोलकाता,साहिबगंज के सदस्य तथा जिला जनसंपर्क कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



