ट्यूबवेलों से केबल और उपकरण चोरी, किसानों में रोष

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटराड़ी में अज्ञात चोरों ने किसानों के खेतों में स्थित ट्यूबवेलों से केबल, स्टार्टर-कटआउट और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। बुधवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में किसानों ने बताया कि चोरों ने छह अक्टूबर की रात खेतों में स्थित ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। सुबह किसान खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों से केबल और अन्य उपकरण गायब मिले। ग्रामीणों ने लाख चौकी पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
किसान कवरपाल, राममेहर, संजीव, रजिंद्र, सुरेंद्र, रामबीर, अमरपाल, नवाब, रविंद्र, चंद्रवीर, शोभा समेत अन्य ग्रामीणों ने क्षेत्राधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने तथा चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद करने का आश्वासन दिया। वहीं, आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों में रोष है। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की।



