शामली

जमीन के सौदे में 31 लाख की ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। कांधला थाना पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने जमीन को ऊंचे दाम पर बिकवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से चार लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

बुधवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी एनपी सिंह ने बताया कि कांधला क्षेत्र के इस्लामपुर घसौली निवासी अब्दुल वाहिद की दुकान पर कुछ लोग पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एम्स ऋषिकेश के पूर्व निदेशक के लिए सोनीपत में दवाई की फैक्ट्री लगाने को जमीन की जरूरत है। आरोपियों ने सस्ती दर पर जमीन खरीदकर ऊंचे दाम पर बेचने का झांसा दिया।

इसके बाद अब्दुल वाहिद और उसके साथी अकबर को सोनीपत के निजामपुर माजरा निवासी किसान से तीन किल्ले जमीन का सौदा 2.90 करोड़ रुपये प्रति किल्ला की दर से कुल 8.70 करोड़ रुपये में कराने की बात कही गई। पुलिस के मुताबिक सौदे के नाम पर 36 लाख रुपये बयाने के रूप में लिए गए। बाद में कथित डायरेक्टर से भुगतान कराने के नाम पर सात लाख रुपये नकद और मांगे गए।

शिकायत मिलने पर कांधला थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना अपराध शाखा शामली को सौंपी गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप लांबा निवासी हरेवली, उत्तरी दिल्ली, बिजेंद्र सिंह निवासी बुडवासनी, सोनीपत, बंटी निवासी अपना घर कॉलोनी, हापुड़ और लोकेश तोमर निवासी समयपुर, मेरठ, हाल निवासी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर गलत नाम-पते बताए और दूसरे व्यक्तियों के नाम पर लिए गए सिम का इस्तेमाल कर अब्दुल वाहिद और अकबर से करीब 31 लाख रुपये प्राप्त किए। रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। पुलिस ने उनके कब्जे से चार लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button