सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली कार्यक्रम आयोजित
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। विकास खंड कार्यालय कांधला परिसर में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान (सेवा सेतु अभियान) के अंतर्गत रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक एवं संयोजक सुधा तोमर ने किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी कांधला की ओर से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
उद्घाटन के बाद ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान में पहुंचने वाले पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का नियमानुसार लाभ दिलाया जाए। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी वेद प्रकाश द्विवेदी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अक्षय कुमार, अमन रूहैला सहित विकास खंड स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



