खैरथल
15 अक्टूबर से जिला परिवहन कार्यालय खैरथल-तिजारा में वाहन पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
वाहन पंजीयन के लिए RJ 64 कोड आवंटित, नागरिकों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगी सुविधाएं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा जिला परिवहन कार्यालय, खैरथल-तिजारा को 1 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ किया गया है। कार्यालय को वाहन पंजीयन के लिए RJ 64 कोड आवंटित किया गया है। वाहन पंजीयन से संबंधित सेवाओं के लिए सिटिजन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन 15 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) से शुरू होंगे।
जिला परिवहन कार्यालय का क्षेत्राधिकार खैरथल, किशनगढ़बास, हरसौली एवं मुंडावर तहसीलों तक रहेगा। कार्यालय शिवपुरम कॉलोनी, ग्रीनलैंड होटल के पीछे, इस्माइलपुर रोड, खैरथल, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान), पिन कोड 301404 पर स्थित है। कार्यालय के प्रारंभ होने से इन क्षेत्रों के नागरिकों को परिवहन संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
वाहन स्वामी अपने वाहनों के इच्छित पंजीयन नंबर के लिए [फैंसी नंबर पोर्टल](https://fancy. parivahan.gov.in) पर 15 अक्टूबर से आवेदन कर सकेंगे। दुपहिया वाहनों के लिए SA, SB, पांच सीट तक के चार पहिया वाहनों के लिए CA, CB एवं CC तथा 6 से 8 सीट तक के वाहनों के लिए UA, UB एवं UC सीरीज निर्धारित की गई हैं। अन्य वाहनों के लिए TA, PA, EA, FA, GA, EP, EG, XX, RA एवं EV सीरीज में आवेदन किया जा सकेगा।
लर्निंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं सिटिजन पोर्टल पर सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। ऑनलाइन सेवाएं शुरू होने से नागरिकों को वाहन पंजीयन एवं लाइसेंस संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी।
