विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर डॉ.अर्शी खानम की अध्यक्षता में राजस्थान इंटर स्कूल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य,शिक्षकगण, मानसिक स्वास्थ्य टीम,सिविल सर्जन कार्यालय से अमित सान्याल,राजीव पॉल एवं पीटर सोरेन सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान डॉ.अर्शी खानम ने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार शारीरिक स्वास्थ्य हमारे जीवन के लिए आवश्यक है,उसी प्रकार मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है।मानसिक रूप से स्वस्थ रहना हमारे जीवन,शिक्षा, व्यवहार और बेहतर भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने आगे सभी बच्चों को यह संदेश दिया कि यदि किसी को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित कोई समस्या, तनाव या परेशानी हो,तो उसे अपनी बात साझा करने और मदद माँगने में बिल्कुल भी संकोच नहीं करना चाहिए।वही छात्र-छात्राओं को तनावमुक्त रखने तथा उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही एक वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा एवं विचारों को प्रस्तुत किया, प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना,तनावमुक्त वातावरण को प्रोत्साहित करना तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था।



