पाकुड़

अतिक्रमण हटाने समेत बनेगी पार्किंग जोन, रात 9 बजे प्रवेश करेंगे डस्ट लदे हाइवा

Parking zones will be created following the removal of encroachments, and Hyva trucks laden with dust will be allowed to enter at 9 PM.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम लोगों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी, पाकुड़ एवं जिला परिवहन पदाधिकारी, पाकुड़ के निर्देश पर पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर एवं अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार से लेकर जिला परिवहन कार्यालय चौक और टाउन हॉल रोड की मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जायेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त स्थलों पर छोटे-मोटे दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर अतिक्रमण किया गया है। इसे हटाने के लिए कल सुबह 8 बजे से 11 बजे तक अभियान चलाया जायेगा। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद इन दोनों स्थलों का उपयोग आम जनता के लिए मोटरसाइकिल एवं कार पार्किंग के रूप में किया जायेगा। पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के लिए दोनों ओर मौजूद छोटे-बड़े गड्ढों को भरने हेतु अस्थायी व्यवस्था के तहत डस्ट डालने का कार्य किया जाएगा। इसी क्रम में आज रात 9 बजे डस्ट लेकर चार हाइवा वाहनों के शहर में प्रवेश करने की योजना है। बताया गया है कि रात 10:30 बजे नो-एंट्री खुलने के बाद कार्य को सुगमता से संपन्न कर पाना संभव नहीं होगा। इसी कारण निर्माण सामग्री लेकर आने वाले हाइवा वाहनों को रात 9 बजे ही शहर में प्रवेश कराने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि निर्धारित समय पर पार्किंग स्थल तैयार करने का काम किया जा सके। इस पहल का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण हटाकर व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराना तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। अभियान के बाद संबंधित स्थलों पर मोटरसाइकिल और कार पार्किंग की व्यवस्था होने से कोर्ट, अनुमंडल कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में आने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button