कानपुर
औद्योगिक विकास के लिए उद्योगों के साथ सहायक व्यवसायों एवं आवश्यक सेवाओं का विस्तार भी जरूरी – विजय कपूर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : औद्योगिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केवल उद्योगों की स्थापना ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े व्यवसायों, स्पेयर पार्ट्स तथा आवश्यक सेवाओं का विस्तार भी अत्यंत आवश्यक है। इन सुविधाओं की उपलब्धता से उद्योगों को बेहतर सहयोग मिलता है और स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होते हैं। इसी क्रम में कोआपरेटिव इस्टेट में जे.एस.ए. के नवीन शोरूम ‘बी एच पी सेल्स’ का शुभारम्भ मुख्य अतिथि कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन श्री विजय कपूर द्वारा किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन विजय कपूर ने प्रतिष्ठान के संचालक चंदन अचंतानी एवं संजीव कुमार अचंतानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विजय कपूर ने विश्वास व्यक्त किया कि यह नया प्रतिष्ठान औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ स्थानीय उद्योगों एवं व्यवसायों के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सहायक सेवाओं और व्यावसायिक सुविधाओं का निरंतर विस्तार उद्योगों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा क्षेत्र की आर्थिक प्रगति को गति देने में सहायक सिद्ध होता है। इस अवसर पर जे.एस.ए. के डायरेक्टर सुरेश पुरी, सहज अरोड़ा, मंदीप जाली, आकाश वर्मा, श्याम गुप्ता, अमन वर्मा, हरीश मारवाह, नरेन्द्र सिंह गौर सहित अनेक गणमान्य व्यवसायी उपस्थित रहे। विजय कपूर ने सभी अतिथियों के स्नेहपूर्ण सहयोग एवं गरिमामयी उपस्थिति के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया तथा प्रतिष्ठान के उज्ज्वल, सफल एवं समृद्ध भविष्य की कामना किया।



