पंचवटी लीला में सूर्पणखा की नाक काटने से लेकर सीता हरण तक का मंचन
खर-दूषण वध और जटायु-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को किया भावविभोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के मंदिर हनुमान टीला हनुमान धाम में चल रहे 57वें रामलीला महोत्सव में देर रात पंचवटी लीला का मनमोहक मंचन किया गया। सूर्पणखा की नाक काटने, खर-दूषण वध, स्वर्ण मृग प्रसंग, सीता हरण और जटायु-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पंचवटी की आकर्षक सजावट भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही।
लीला का शुभारंभ पंचवटी में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के विश्राम के दृश्य से हुआ। इसी दौरान सूर्पणखा वहां पहुंची और श्रीराम के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा। श्रीराम के एकपत्नी व्रत का पालन करने की बात कहने पर वह लक्ष्मण के पास पहुंची, लेकिन वहां भी उसे निराशा हाथ लगी। क्रोधित सूर्पणखा ने माता सीता पर हमला करने का प्रयास किया, जिस पर लक्ष्मण ने उसकी नाक काट दी।
अपमानित सूर्पणखा अपने भाइयों खर-दूषण के पास पहुंची। इसके बाद दोनों राक्षस अपनी सेना के साथ श्रीराम और लक्ष्मण से युद्ध करने पहुंचे, लेकिन युद्ध में उनका वध हो गया। बदला लेने के लिए सूर्पणखा ने रावण को पूरी घटना बताई। रावण ने मारीच की मदद से माता सीता के हरण की योजना बनाई।
मारीच स्वर्ण मृग का रूप धारण कर पंचवटी पहुंचा। उसे देखकर माता सीता ने श्रीराम से उसे लाने की इच्छा जताई। स्वर्ण मृग के पीछे श्रीराम के जाने और मारीच की छलपूर्वक निकाली गई पुकार सुनकर माता सीता चिंतित हो गईं। उनके आग्रह पर लक्ष्मण कुटिया के बाहर लक्ष्मण रेखा खींचकर श्रीराम की खोज में निकल गए। इसी का लाभ उठाकर रावण साधु का वेश धारण कर पहुंचा और छलपूर्वक माता सीता का हरण कर लंका की ओर चल दिया।
रास्ते में गिद्धराज जटायु ने माता सीता को बचाने के लिए रावण से युद्ध किया, लेकिन रावण ने उन्हें घायल कर दिया। इन दृश्यों के सजीव मंचन ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
भगवान श्रीराम की भूमिका आकाश धीमान, लक्ष्मण की उज्ज्वल नामदेव, माता सीता की वंश राजपूत, रावण की विपिन शांडिल्य, खर की अमित तरार, मेघनाथ की वशिष्ठ निरवाल और सूर्पणखा की भूमिका सौरव वर्मा ने निभाई।



