दुर्गापूजा को लेकर पाकुड़ पुलिस अलर्ट, 12 क्यूआरटी तैनात
Grand inauguration of the Durga Puja pandal at the Railway Ground; the DC, SP, and other distinguished guests offered prayers.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। दुर्गापूजा (दशहरा) पर्व के मद्देनजर पाकुड़ जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। विभिन्न मंदिरों, पूजा पंडालों, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों तथा चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के विभिन्न थानों में 12 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर एवं टीजी गन सहित दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैयार रखा गया है। पाकुड़ पुलिस असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों, गृह रक्षकों एवं चौकीदारों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया है। क्यूआरटी को प्रत्येक दो घंटे पर अपनी खैरियत रिपोर्ट और फोटो व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करने तथा निर्धारित स्थल पर मुस्तैद रहने को कहा गया है। साथ ही, पुलिस अधीक्षक की अनुमति के बिना क्यूआरटी की संख्या में बदलाव नहीं करने और संबंधित थाना प्रभारी की अनुमति के बिना निर्धारित स्थल नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रतिनियुक्त जवानों को पूरी मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है।



