बेतुल
बैतूल सिंचाई के अभाव में महाराष्ट्र पलायन कर रहे बाबजेई के किसान
खेतों तक बिजली पहुंचाने की मांग

जयस के नेतृत्व में बाबजेई के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भैंसदेही तहसील के ग्राम बाबजेई में खेतों तक कृषि विद्युत लाइन नहीं पहुंचने से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने के कारण किसान केवल बारिश के मौसम की खेती पर निर्भर हैं। रबी सीजन में फसल नहीं ले पाने के चलते उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजबूरन महाराष्ट्र जाकर मजदूरी करनी पड़ती है। इस समस्या के स्थायी समाधान और खेतों तक बिजली पहुंचाने की मांग को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक किसानों ने बैतूल कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने बताया कि खेतों तक कृषि विद्युत लाइन नहीं होने से वे रबी फसल की बुआई और सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। बिजली की सुविधा के अभाव में खेती प्रभावित हो रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। ऐसे में परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें गांव छोड़कर महाराष्ट्र में मजदूरी करने जाना पड़ता है। किसानों का कहना है कि यदि खेतों तक बिजली पहुंच जाए तो वे अपनी जमीन पर सालभर खेती कर सकेंगे और उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्य में पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इस दौरान जयस के भैंसदेही ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम उइके और संगठन के पदाधिकारी सोनू पानसे ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि खेती के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। बाबजेई के खेतों तक कृषि विद्युत लाइन पहुंचने से किसान रबी सहित अन्य फसली मौसमों में भी खेती कर सकेंगे। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और गांव से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर आवश्यकता के अनुसार नई कृषि विद्युत लाइन बिछाई जाए। जब तक अलग कृषि लाइन की व्यवस्था नहीं होती, तब तक तकनीकी नियमों के तहत 24 घंटे वाली विद्युत लाइन से कृषि ट्रांसफार्मर को कनेक्शन देने की संभावना पर भी विचार किया जाए। जयस प्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराने, आवश्यक तकनीकी परीक्षण करने और समस्या के निराकरण के लिए प्राथमिकता से कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जयस ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम उइके, सोनू पानसे, ग्राम सावलमेंडा के मंडल उपाध्यक्ष अनुराग उइके तथा ग्राम बाबजेई के किसान गन्नू बारस्कर, रामदास पानसे, अलकेश इवने, मुन्नालाल उइके, पवन पंदराम, गुड्डू जावरकर और बुद्धू जावरकर सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।



