शामली
शामली में चार शातिर चोर गिरफ्तार, दो चोरी की घटनाओं का खुलासा
इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से कॉपर तार व नकदी चोरी करने की वारदात कबूली, सात हजार रुपये बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। कोतवाली शामली पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के कॉपर तार के चार बंडल और सात हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 30/31 अक्टूबर की रात कैराना रोड स्थित नौकुओं पुलिया के पास कृष्णा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान की दीवार में सेंध लगाकर चोर कॉपर तार के चार बंडल और पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा आदर्श मंडी क्षेत्र में करनाल रोड बाईपास स्थित एक दुकान से दो इन्वर्टर बैटरे, कैमरा और डीवीआर चोरी किए गए थे।
पुलिस ने दोनों घटनाओं में शामिल किट्टू, शाहिद, रवि और रमन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए बैटरे चार हजार रुपये में बेच दिए गए थे, जबकि कैमरा और डीवीआर नदी में फेंक दिए गए थे।
पुलिस ने कोतवाली शामली की घटना से संबंधित तीन हजार रुपये तथा आदर्श मंडी की घटना से संबंधित चार हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ दोनों थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।