ललितपुर

कुंभकरण व मेघनाद का वध, पति का सिर लेकर सती हुई सुलोचना

बांसी में 20 वर्ष बाद आयोजित रामलीला में भावुक प्रसंगों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, उमड़ा जनसैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कस्बा बांसी के टौरिया मंदिर मेला मैदान में श्रीहनुमानजी टौरिया मंदिर समिति के तत्वावधान में 20 वर्ष बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है। बुधवार रात आयोजित लीला में कुंभकरण वध, मेघनाद वध और सती सुलोचना के मार्मिक प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। लीला में दिखाया गया कि कुंभकरण की पराजय के लिए रावण उसे जगाकर युद्धभूमि में भेजता है। भगवान श्रीराम से युद्ध करते हुए कुंभकरण वीरगति को प्राप्त हो जाता है। भाई की मृत्यु से रावण व्याकुल हो उठता है। इसी दौरान उसका पुत्र मेघनाद अजेय रथ प्राप्त करने के लिए यज्ञ करने की घोषणा करता है। विभीषण भगवान श्रीराम को बताते हैं कि यदि मेघनाद का यज्ञ पूरा हो गया तो उसे पराजित करना कठिन हो जाएगा। इस पर श्रीराम, लक्ष्मण सहित वानर सेना को यज्ञ भंग करने के लिए भेजते हैं। यज्ञ भंग होने के बाद मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध होता है, जिसमें मेघनाद मारा जाता है। इसके बाद सुलोचना को अपने पति मेघनाद का कटा हुआ हाथ मिलता है, जिस पर भगवान श्रीराम के हाथों उसकी मृत्यु का प्रसंग लिखा होता है। सुलोचना भगवान श्रीराम के पास पहुंचकर पति का सिर मांगती हैं और उसे लेकर सती हो जाती हैं। सती सुलोचना के मार्मिक संवाद ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला के नौवें दिन जिला पंचायत सदस्य फूलसिंह यादव अतिथि रहे, जबकि दसवें दिन एमकेजी इंटर कॉलेज के प्रबंधक हरिमोहन गोस्वामी ने अतिथि के रूप में सहभागिता की। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button