दीपावली एवं कालीपूजा को लेकर पाकुड़ पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Pakur police on alert for Diwali and Kali Puja; robust security arrangements in place.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। दीपावली एवं कालीपूजा-2026 के मद्देनजर जिले में विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के विभिन्न मंदिरों, पूजा पंडालों, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा तीन क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई दल) को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर एवं टीयर गैस गन सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ संबंधित थानों में अलर्ट मोड में रखा गया है। सभी क्यूआरटी टीमों को प्रत्येक दो घंटे पर व्हाट्सएप ग्रुप में खैरियत रिपोर्ट एवं तस्वीर साझा करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्यूआरटी बलों की संख्या में बिना अनुमति कटौती पर रोक लगाई गई है। वहीं, टीम प्रभारी को थाना प्रभारी की अनुमति के बिना निर्धारित स्थल नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है। पाकुड़ पुलिस असामाजिक तत्वों एवं सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रख रही है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी पुलिसकर्मियों, गृह रक्षकों एवं चौकीदारों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है, ताकि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।



