ट्यूबवेल पर चचेरे चाचा पर लाठी-डंडों और पलकटी से हमला
सिर में गंभीर चोट 2 नाम दर्ज चार अज्ञात पर संगीन धाराओं मे मुकदमा दर्ज
पुरानी रंजिश में चार नकाबपोशों के साथ हमला करने का आरोप, घायल को आया हार्ट अटैक; आइसीयू में चल रहा उपचार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। क्षेत्र के गांव आमवाली (याहियापुर) में पुरानी रंजिश के चलते ट्यूबवेल पर मौजूद एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नामजद आरोपित ने चार नकाबपोश साथियों के साथ मिलकर व्यक्ति के सिर पर पलकटी और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए ले जाते समय उसे हार्ट अटैक भी आ गया। फिलहाल उसका झिंझाना स्थित आयुष्मान अस्पताल में आइसीयू में उपचार चल रहा है।गांव आमवाली निवासी सचिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच नवंबर की रात सुधीर पुत्र ओमसिंह और विकास पुत्र मोहरसिंह ने उसके चचेरे चाचा प्रमोद कुमार को जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास सुरक्षित है। आरोप है कि छह नवंबर की शाम करीब 7:50 बजे प्रमोद कुमार अपने ट्यूबवेल पर मौजूद थे। इसी दौरान सुधीर चार अज्ञात नकाबपोशों के साथ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पलकटी और लाठी-डंडों से सिर पर कई वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।शोर सुनकर सचिन कुमार, मोनू और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्वजन घायल को डायल 112 की मदद से थाना झिंझाना लेकर पहुंचे। पुलिस के निर्देश पर उन्हें सरकारी अस्पताल ऊन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सचिन के अनुसार, उपचार के लिए ले जाते समय प्रमोद कुमार को हार्ट अटैक भी आ गया। फिलहाल उनका आयुष्मान अस्पताल में उपचार चल रहा है।सचिन ने सात नवंबर को थाना झिंझाना में तहरीर देकर नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।



