गोड्डा
मां श्मशान काली मंदिर में भक्ति जागरण की धूम
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कलाकारों को किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। मां श्मशान काली मंदिर में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के दूसरे दिन संध्या सात बजे से भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। पूरा पंडाल माता के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मां काली के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने माता के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। वहीं, भक्ति जागरण में शामिल कलाकारों को मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले कलाकारों में चंदन बाबा, कौशल किशोर झा, अपराजिता राय, तबला वादक आलोक झा, ऑक्टोपैड वादक संतोष जी और मनोज श्रीवास्तव शामिल रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने किया। भक्ति जागरण में कलाकारों ने ‘मैया है मेरी शेरोवाली’, ‘अंबे तू है जगदंबे काली’ सहित कई भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, ‘मैया का चोला है रंगला’ और अन्य भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। यह कार्यक्रम रात करीब 10 बजे तक चला।
इसके बाद मंदिर परिसर में हवन अनुष्ठान और कलश विसर्जन के साथ दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की पूर्णाहुति हुई। इस मौके पर आयोजन समिति के सदस्यों सहित पूर्व मुखिया परमानंद शाह बबलू, उपमुखिया अशोक कापरी, प्रफुल कुमार मंडल उर्फ बच्चू दादा, सुनील कुमार झा, मृत्युंजय सिंह, सुबोध मांझी, सीताराम राउत, निखिल झा, जनार्दन राय मधु, राजेश कुमार झा समेत कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



