बरेली
गोवर्धन पूजा पर गौशाला पहुंचे डीएम अविनाश सिंह
पत्नी संग की गौमाता की पूजा-अर्चना, माला पहनाकर लगाया तिलक

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह का आस्था से जुड़ा अंदाज देखने को मिला। धार्मिक परंपरा और गौसेवा के महत्व को दर्शाते हुए डीएम अविनाश सिंह अपनी पत्नी के साथ गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ गौमाता का पूजन किया।
इस दौरान डीएम और उनकी पत्नी ने गौमाता को माला पहनाई, तिलक लगाया और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके बाद गौमाता को मिठाई, गुड़ और केले का भोग अर्पित किया। दंपती ने गौमाता की सेवा-अर्चना कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
गोवर्धन पूजा के मौके पर गौमाता के पूजन का विशेष धार्मिक महत्व है। हिंदू धर्म में इस दिन गौसेवा और गौपूजन को शुभ माना जाता है। जिलाधिकारी का पत्नी के साथ गौशाला पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजन करना , आस्था और परंपरा की झलक पेश करता नजर आया।



