पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने किया छठ घाटों का निरीक्षण, छठ-घाट पर चेंजिंग रूम निर्माण सहित बेहतर व्यवस्था का दिया भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़़। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पाकुड़ शहर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम पहुंचे। उन्होंने कालीभाषाण छठ घाट, टीन बांग्ला पोखर एवं साधु पोखर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की। पूजा समितियों की ओर से उनका स्वागत भी किया गया। आलमगीर आलम ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, परंपरा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक छठ घाट पर चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा घाटों की साफ-सफाई, रोशनी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने पूजा समितियों से आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ तैयारियां पूरी करने की अपील की। घाटों के निरीक्षण के बाद पूर्व मंत्री ने जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर विभिन्न संगठनात्मक एवं अन्य विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला उपाध्यक्ष असद हुसैन, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहिन परवेज, नगर अध्यक्ष कृष्णा यादव, युवा जिला अध्यक्ष बिलाल शेख, ओबीसी जिला अध्यक्ष आमिर हमजा उर्फ मिस्टर, रामविलास महतो, विश्वजीत, तारिकुल शेख, लक्फोड़ शेख, सजामल शेख, नजीर हुसैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।



