ललितपुर

सत्रह नवंबर से सोलह दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मिलेगा मौका

चार जनवरी 2027 को होगा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन

डीएम सत्य प्रकाश ने युवाओं सहित पात्र नागरिकों से की अपील
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने तथा विभिन्न प्रकार के संशोधन कराने का अवसर मिलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि वह निर्धारित समयावधि में मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ ही आवश्यक संशोधन अवश्य करा लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुर्नव्यवस्थापन की कार्यवाही दो नवंबर तक पूरी की जा चुकी है। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित अन्य पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता, जन्मतिथि में संशोधन और एक ही विधानसभा क्षेत्र में निवास स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची का निरीक्षण संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय, बीएलओ तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में किया जा सकेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट मोबाइल एप के माध्यम से नए मतदाता पंजीकरण, नाम विलोपन एवं संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनरीक्षण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने ऑनलाइन आवेदन करने वाले नागरिकों को विशेष रूप से सावधान करते हुए कहा कि आवेदन में अपना वास्तविक एवं सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज कराएं। फॉर्म-6 भरते समय आवेदक अथवा उसके संबंधी का मोबाइल नंबर अंकित किया जाना चाहिए। ई-साइन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आवेदन सफलतापूर्वक जमा माना जाएगा। आवेदन जमा होने पर मिलने वाले रेफरेंस नंबर को भविष्य में आवेदन की स्थिति जानने और उसे ट्रैक करने के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई नागरिक जन सुविधा केंद्र संचालक अथवा अन्य माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कराता है, तो वह यह सुनिश्चित कर ले कि आवेदन में उसका अपना सही मोबाइल नंबर दर्ज किया गया है। किसी अन्य व्यक्ति का अथवा काल्पनिक और गलत मोबाइल नंबर दर्ज न कराएं, क्योंकि आवेदन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं एवं रेफरेंस नंबर उसी मोबाइल नंबर पर प्राप्त हो सकते हैं। रेफरेंस नंबर न मिलने की स्थिति में आवेदन की स्क्रीन का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखने अथवा नंबर नोट करने की सलाह भी दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता फोटो पहचान पत्र डाक विभाग के माध्यम से स्पीड पोस्ट द्वारा मतदाताओं के पते पर भेजा जाता है। इसलिए आवेदन करते समय अपना सही डाक पता और पिन कोड दर्ज करना सुनिश्चित करें। पंजीकृत मोबाइल नंबर की सहायता से मतदाता अपना ईपीआईसी डाउनलोड करने के साथ ही मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों से भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में व्यापक जनजागरूकता फैलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों तक मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम अवश्य दर्ज कराएं और अपने आसपास के अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button