ललितपुर
आधुनिक मशीन से बदलेगी सुम्मेरा तालाब की सूरत, जलकुंभी और गंदगी से मिलेगी मुक्ति
छठ पूजा से पहले नगर पालिका ने तेज की सफाई की तैयारियां

आठ फीट से अधिक गहराई तक सफाई करने में सक्षम है नई मशीन
नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने किया निरीक्षण, अब तालाबों और बांधों की सफाई में भी होगा मशीन का उपयोग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर की ऐतिहासिक धरोहर एवं धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र सुम्मेरा तालाब की तस्वीर बदलने के लिए नगर पालिका ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। तालाब में लंबे समय से फैली जलकुंभी और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका द्वारा नई अत्याधुनिक सफाई मशीन से सफाई अभियान शुरू करा दिया गया है। शनिवार को मशीन के माध्यम से तालाब के विभिन्न घाटों और जलक्षेत्र में फैली जलकुंभी को हटाने का कार्य किया गया। छठ पूजा पर्व को देखते हुए नगर पालिका ने तालाब और घाटों की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारियां भी तेज कर दी हैं। नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सुम्मेरा तालाब पहुंचकर सफाई कार्य और छठ पूजा की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों की स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पर्व से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। नपाध्यक्ष ने नई मशीन के संचालन और उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने मशीन के साथ आए इंजीनियर से इसकी तकनीकी विशेषताओं और सफाई क्षमता के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इंजीनियर ने बताया कि आधुनिक तकनीक से लैस यह मशीन पानी की सतह के साथ-साथ पानी के भीतर भी सफाई करने में सक्षम है। यह लगभग आठ फीट से अधिक गहराई तक पहुंचकर पानी में जमी जलकुंभी एवं अन्य अवांछित वनस्पतियों को हटाने का कार्य करती है। मशीन की खासियत यह है कि इसके माध्यम से तालाब के उन हिस्सों तक भी सफाई की जा सकती है, जहां सामान्य परिस्थितियों में कर्मचारियों का पहुंचना मुश्किल होता है। पानी के भीतर जमा जलकुंभी को हटाने से जलक्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। इस मशीन का उपयोग सुम्मेरा तालाब के अलावा बड़े तालाबों, बांधों और अन्य जलस्रोतों की सफाई के लिए भी किया जा सकेगा। नपाध्यक्ष ने कहा कि सुम्मेरा तालाब ललितपुर की ऐतिहासिक पहचान होने के साथ ही नगरवासियों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। तालाब में लंबे समय से जलकुंभी और गंदगी की समस्या बनी हुई थी, जिसके चलते सफाई कराना चुनौतीपूर्ण रहा है। अब आधुनिक मशीन की उपलब्धता से सफाई कार्य अधिक प्रभावी तरीके से कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सुम्मेरा तालाब को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के साथ ही भविष्य में जनपद के अन्य तालाबों, बांधों एवं जलस्रोतों की सफाई भी कराई जाएगी। नगर पालिका का प्रयास है कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण हो और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, पार्षद अशोक पंथ, रामलीला समिति अध्यक्ष पं.ब्रजेश चतुर्वेदी, अजय प्रताप सिंह तोमर एड., कमलेश चौधरी, पार्षद अफजुल रहमान, विवेक जैन, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, बद्री कुशवाहा, राजवीर सिंह, नवीन जैन सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



