छठ महापर्व और झारखण्ड स्थापना दिवस पर पाकुड़ पुलिस की अनूठी पहल, छठ घाटों पर चलाया स्वच्छता अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के पुलिस कप्तान आईपीएस अधिकारी ( पुलिस अधीक्षक) अनुदीप सिंह के निर्देश पर छठ महापर्व और झारखण्ड स्थापना दिवस के पावन अवसर पर मालपहाड़ी थाना / पाकुड़िया थाना पुलिस समेत जिले के लगभग सभी थाना पुलिस ने सामाजिक सरोकार और जनसेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस जवानों ने छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। पुलिस की इस पहल ने न केवल छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया, बल्कि समाज को स्वच्छता, सहयोग और सामुदायिक जिम्मेदारी का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। आमतौर पर पुलिस की भूमिका कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित समझी जाती है, लेकिन मालपहाड़ी थाना / पाकुड़ पुलिस की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि पुलिस प्रशासन समाज के हर सुख-दुख और जनहित के कार्यों में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। छठ महापर्व जैसे लोक आस्था के महान पर्व पर पुलिस जवानों का श्रमदान और समर्पण निश्चित रूप से सराहनीय है। वहीं, झारखण्ड स्थापना दिवस के अवसर पर इस तरह की सामाजिक पहल राज्य के प्रति जिम्मेदारी, सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता का सुन्दर उदाहरण प्रस्तुत करती है। पाकुड़ पुलिस की इस पहल से जिले में सकारात्मक संदेश गया है। यह अभियान केवल छठ घाटों की सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को स्वच्छता और सामाजिक एकजुटता के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। पाकुड़ पुलिस की यह पहल वास्तव में खाकी वर्दी के भीतर छिपी मानवीय संवेदना, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की एक खूबसूरत तस्वीर पेश करती है।



