ट्रैक्टर दुर्घटनाओं का बढ़ता खतरा, चार वर्षों में 41 हादसों में गई लोगों की जान
न इंजन पर नंबर, न ट्रॉली पर पहचान; बिना लाइसेंस और अप्रशिक्षित चालक चला रहे ट्रैक्टर, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी भी बन रही दुर्घटनाओं की वजह

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले में नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे ट्रैक्टर लोगों की जान के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। बिना निबंधन संख्या वाले इंजन और ट्रॉली, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वाले चालक, अप्रशिक्षित ड्राइवर तथा तकनीकी रूप से जर्जर और सड़क पर चलने के अयोग्य ट्रैक्टर यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बने हुए हैं। इसके अलावा ट्रैक्टरों में क्षमता से अधिक माल लादना, बिना तिरपाल के परिवहन करना और नो-एंट्री के निर्धारित समय में भी शहर में प्रवेश करना दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ा रहा है। जिले में पिछले चार वर्षों के उपलब्ध आंकड़े ट्रैक्टर दुर्घटनाओं की गंभीर तस्वीर सामने रखते हैं। वर्ष 2022 में 13, वर्ष 2023 में 8, वर्ष 2024 में 10 तथा वर्ष 2025 में 10 ट्रैक्टर दुर्घटनाओं में संलिप्त रहे। इस प्रकार चार वर्षों में कुल 41 ट्रैक्टर दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इन सभी दुर्घटनाओं में संबंधित ट्रैक्टरों की संलिप्तता के साथ लोगों की मृत्यु हुई। वर्षवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में ट्रैक्टर से संबंधित 13 दुर्घटनाएं दर्ज हुईं। वर्ष 2023 में यह संख्या घटकर 8 रही, जबकि वर्ष 2024 में 10 और वर्ष 2025 में भी 10 ट्रैक्टर दुर्घटनाएं सामने आईं। आंकड़े बताते हैं कि ट्रैक्टरों से होने वाली जानलेवा दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार बना हुआ है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि कई ट्रैक्टर बिना वैध नंबर प्लेट के सड़कों पर चलते देखे जाते हैं। कुछ वाहनों के इंजन पर नंबर नहीं होता तो कई ट्रॉलियों पर भी पहचान संबंधी नंबर अंकित नहीं रहता। ऐसे में दुर्घटना या अन्य अप्रिय घटना होने पर वाहन की पहचान और उसके मालिक तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। वहीं, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और पर्याप्त प्रशिक्षण के ट्रैक्टर चलाना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है। इसके अतिरिक्त जर्जर हालत में चल रहे ट्रैक्टर, खराब तकनीकी स्थिति, ओवरलोडिंग और बिना तिरपाल के बालू, पत्थर, मिट्टी सहित अन्य सामग्रियों का परिवहन भी दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहा है। शहर में नो-एंट्री के समय भारी वाहनों के साथ ट्रैक्टरों का प्रवेश भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है। ऐसे में जिले में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से विशेष जांच अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। अभियान के तहत ट्रैक्टरों के निबंधन, नंबर प्लेट, फिटनेस, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग और निर्धारित यातायात नियमों के अनुपालन की जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। चार वर्षों में 41 ट्रैक्टर दुर्घटनाओं में लोगों की मौत से जुड़े उपलब्ध आंकड़े प्रशासन और परिवहन विभाग के लिए गंभीर चेतावनी हैं। समय रहते नियमों का सख्ती से अनुपालन, जर्जर वाहनों पर कार्रवाई और अप्रशिक्षित चालकों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो सड़क सुरक्षा की चुनौती और गंभीर हो सकती है।



