मालपहाड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को दबोचा, हत्या में प्रयुक्त दो फीट की लाठी बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के कान्हुपुर गांव में एक 25 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया और घटना में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में गठित SIT टीम ने 25 नवंबर 2026 को कान्हुपुर गांव पहुंचकर जांच शुरू की। वहां एक खेत में महिला मृत अवस्था में पड़ी मिली। मृतका की पहचान लगभग 25 वर्षीय सुरुज मुर्मू के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सोनाजोड़ी भेज दिया। मामले में मृतका की चाची लुखी बास्की के फर्दबयान के आधार पर मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 265/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान घटना में संलिप्त आरोपी सुनीराम हेम्ब्रम (करीब 30 वर्ष), पिता स्वर्गीय लुखीराम हेम्ब्रम, निवासी आसमानपुर (राधापाड़ा), थाना मुरारोई, जिला बीरभूम (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लगभग दो फीट लंबी एक लाठी भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ कुमार गौरव, ओपी प्रभारी विवेक कुमार, पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार पंडित, मजिस्टर साह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।



