बरेली
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में आज से अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विश्वविद्यालय की ओर से दो दिवसीय अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 का आयोजन एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में गुरुवार (26 नवंबर) से शुरू होगा। मेडिकल कॉलेज स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में सुबह 10 बजे इसका उद्घाटन होगा।
स्पोर्ट्स फेस्ट में लखनऊ, आगरा, मेरठ, जालौन, औरैया, हापुड़, एटा, बहराइच, कानपुर देहात, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बरेली के 13 मेडिकल कॉलेजों के छात्र-छात्राएं बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स की 10 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डॉ. एमएस बुटोला ने बताया कि फेस्ट के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि करियर के लिए शैक्षिक गतिविधियां जरूरी हैं, लेकिन तनाव से निकलने और संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए खेलों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। खेलों से युवा हार और जीत को एक समान लेना सीखते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की ओर से पहली बार स्पोर्ट्स फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय ने प्रदेश के अपने संबद्ध सभी मेडिकल, डेंटल और एलाइड हेल्थकेयर कॉलेजों को दो जोन (पश्चिमी उ.प्र. और पूर्वी उ.प्र.) में बांटा है। जोन-वन (पश्चिमी उ.प्र.) के स्पोर्ट्स फेस्ट के आयोजन की जिम्मेदारी एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज को दी गई है। यह फेस्ट 26 और 27 नवंबर को होगा।
प्रत्येक कॉलेज की टीम में बैडमिंटन (2 छात्र और 2 छात्राएं), वॉलीबॉल (10 छात्र और 10 छात्राएं), बास्केटबॉल (10 छात्र और 10 छात्राएं), एथलेटिक्स (10 छात्र और 10 छात्राएं) शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल विवि की डीन एफिलिएशन एंड इंस्पेक्शन डॉ. साधना अवस्थी और मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन आदित्य मूर्ति मौजूद रहेंगे। 27 नवंबर को शाम 3 बजे विजेताओं को पुरस्कार वितरण के साथ फेस्ट का समापन होगा।
ये होंगी प्रतियोगिताएं
स्पोर्ट्स फेस्ट में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन के साथ एथलेटिक्स की स्पर्धाएं होंगी। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ के साथ 100×4 मीटर रिले, लॉन्ग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट और जैवलिन शामिल है। सभी स्पर्धाएं बालक और बालिका वर्ग में होंगी।



