पाकुड़

जलापूर्ति योजना के डीआई पाइप लूटकांड का चार घंटे में खुलासा, 10 अपराधी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र अन्तर्गत कंगला मोड़ के समीप सलगापाड़ा स्थित ग्रामीण जलापूर्ति योजना परिसर से लोहे के डीआई पाइप की डकैती मामले का पुलिस ने महज चार घंटे के अन्दर उद्भेदन कर लिया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वही पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह मीडिया को बताया कि  26 नवंबर 2026 को अज्ञात अपराधियों द्वारा जलापूर्ति योजना परिसर से लोहे के डीआई पाइप लूटकर ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महेशपुर विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ लूटे गये सामान भी बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में ताज मुहम्मद शेख, जहांगीर आलम, उत्पल शील, मानिक शील, नील कमल शील, सजल दास, सिराज शेख, तुजामेल शेख, नशीरुद्दीन एवं संजीत महतो शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डकैती में प्रयुक्त एक अशोक लेलैंड ट्रक, एक महिंद्रा बोलेरो, 42 पीस लोहे के डीआई पाइप (अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये), आठ मोबाइल फोन, एक लोहे का रॉड एवं एक लाठी बरामद की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों का कार्यक्षेत्र पाकुड़ एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाके रहे हैं तथा वे घूम- घूमकर चोरी एवं डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। इस मामले में वादी भोला कुमार राय के बयान पर पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026,  बीएनएस की धारा 310(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, रोद्दीपुर ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता सहित पाकुड़िया, महेशपुर एवं रोद्दीपुर ओपी के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button