सिंगरौली
एनटीपीसी की पहल पर चिल्काडांड में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, ग्रामीणों की हुई जांच
महिलाओं से संवाद कर स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर भी की चर्चा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । एनटीपीसी सिंगरौली ने सीएसआर के तहत चिल्काडांड बस्ती में निःशुल्क ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। ‘आह्वान’ स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति के अंतर्गत संजीवनी अस्पताल और सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
इस अवसर पर वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला वरिष्ठ सदस्याओं के साथ बस्ती पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से संवाद कर उनकी सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों, समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं परिवार तथा समाज की प्रगति का आधार हैं। महिलाओं को अपने स्वास्थ्य, पोषण और नियमित जांच पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
शिविर का आयोजन डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, मुख्य चिकित्साधिकारी, संजीवनी अस्पताल और डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-सीएसआर) की देखरेख में किया गया। डॉ. विनोद कुमार सिंह और डॉ. राजत कुमार यादव ने ग्रामीणों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों का रक्तचाप और रक्त शर्करा परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं।
ग्रामीणों को संतुलित आहार, स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, मधुमेह और उच्च रक्तचाप की रोकथाम तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी भी दी गई। शिविर में ग्राम प्रधान हीरालाल और सीएसआर अधिकारी आदर्श का सहयोग रहा। एनटीपीसी ने बताया कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।



