मथुरा
विश्राम घाट के समीप बंद कमरे में लगी आग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। विश्राम घाट के समीप बंद कमरे में पड़े कचरे के ढेर में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार विश्राम घाट के निकट एक कमरा काफी समय से बंद पड़ा है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण इसमें पड़े कचरे में आग लग गयी। आग कैसे लगी,यह पता नहीं लग सका। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें बढ़ती देख पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। विश्राम घाट के समीप गली संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी अंदर तक नहीं जा सकी। ऐसे में करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर सेफ्टी बाइक से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया।



