
चार कमिश्नरेट, चार रेंज और कई जिलों की कमान नए हाथों में
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
लखनऊ / बरेली। प्रदेश सरकार ने पुलिस अफसरों की बड़ी अदला-बदली की है। एक ही आदेश में 28 आईपीएस अफसरों को नई तैनाती दी गई है। जोन से लेकर रेंज, कमिश्नरेट, जिला, पीएसी और ट्रेनिंग संस्थानों तक कुर्सियां बदली हैं।
बरेली जोन की कमान अब प्रवीण कुमार संभालेंगे, जो अभी तक लखनऊ जोन देख रहे थे। उनकी जगह बरेली के निवर्तमान एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन भेजा गया है। बरेली में तैनात 8वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट आकाश तोमर अब मुरादाबाद पुलिस अकादमी में एसपी होंगे। बड़े शहरों में भी फेरबदल हुआ है। बरेली से जुड़े मोहित अग्रवाल वाराणसी से हटकर प्रयागराज के कमिश्नर बने हैं। उनकी जगह लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी भेजा गया है। प्रयागराज के कमिश्नर रहे पीयूष मोडिया को लखनऊ में एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी मिली है। नोएडा और गाजियाबाद के कमिश्नर आपस में बदल गए हैं। लक्ष्मी सिंह अब गाजियाबाद और जे. रविन्दर गौड़ नोएडा संभालेंगे।
जिलों में अयोध्या और मुरादाबाद के कप्तानों की अदला-बदली हुई है। गौरव ग्रोवर मुरादाबाद और सतपाल अयोध्या जाएंगे। रेंज स्तर पर प्रभाकर चौधरी लखनऊ, अभिषेक सिंह आगरा, शैलेश कुमार पाण्डेय अलीगढ़ और आशीष तिवारी सहारनपुर के डीआईजी बनाए गए हैं। पीएसी की कई वाहिनियों के कमांडेंट भी बदले हैं। अमित कुमार प्रथम को ईओडब्ल्यू लखनऊ, नरेन्द्र कुमार सिंह को सीतापुर ट्रेनिंग कॉलेज, डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को कारागार विभाग, त्रिभुवन सिंह को जीआरपी मुख्यालय, राजेश कुमार श्रीवास्तव को अभिसूचना मुख्यालय, सुशील कुमार शुक्ला को गोरखपुर ट्रेनिंग स्कूल और अजीत कुमार सिन्हा को पावर कॉर्पोरेशन भेजा गया है।
कमिश्नरेट में तैनात सुनीति को डीजीपी मुख्यालय, दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज, कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर और प्रीति यादव को आगरा 15वीं वाहिनी पीएसी का कमांडेंट बनाया गया है।
तीन अफसरों के पुराने तबादला आदेश रद्द कर नई तैनाती दी गई है। पुनीत द्विवेदी गाजियाबाद में एडिशनल डीसीपी, नीतू लखनऊ और अमित कुमावत आगरा में एडिशनल डीसीपी होंगे।




