जून के प्रथम सप्ताह में लोक निर्माण विभाग की 90 परियोजनाओं पर शुरू होगा काम

प्रस्ताव और कार्ययोजनाएं भेजी गईं, वित्तीय स्वीकृति को शासन से इस्टीमेट मांगे गए
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
अमेठी। प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को वर्चुअल बैठक कर अयोध्या मंडल के सभी जिलों में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। प्रमुख अभियंता ने चालू वित्तीय वर्ष में भेजी गई कार्ययोजना के अनुरूप नव निर्माण, पुननिर्माण और मिसिंग लिंक के पन्द्रह पन्द्रह इस्टीमेट मांगे हैं। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद परियोजनाओं पर जून के प्रथम सप्ताह में नये कार्यों के शुरू होने की सम्भावना है।
शासन के निर्देशानुसार अब150आबादी तक की सभी बसावटों को पक्के सम्पर्क मार्गों से जोडा जाएगा। जर्जर ग्रामीण और जिला मार्गों का पुननिर्माण कराया जाएगा।
नवीन कार्ययोजनाएं डी एम संजय चौहान ने प्रमुख सचिव को भेजी है। मुख्य अभियंता कार्यालय से प्रांतीय और निर्माण खंड से नवनिर्माण, पुननिर्माण और मिसिंग लिंक से सम्बंधित परियोजनाओं के पन्द्रह पन्द्रह इस्टीमेट मांगे गए हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड और निर्माण खंड में इस समय देर शाम तक काम चल रहा है। अधिशासी अभियंता इंजीनियर रमेश चंद्र और अधिशासी अभियंता इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को अधीनस्थ अभियंताओं के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित प्रारूप पत्र पर सूचनाएं उच्चाधिकारियों को प्रेषित की।