गोड्डा

तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया

संदिग्ध हालात में महिला की मौत, ससुरालवालों पर हत्या का आरोप

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा : गोड्डा (नगर थाना क्षेत्र)। भतडिया राजकुमार नगर में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला खुशबू देवी (30) संदेहास्पद परिस्थितियों में जल गई। गंभीर रूप से झुलसी हालत में उसे पहले गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए बोकारो रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही खुशबू देवी की मौत हो गई।घटना की जानकारी जब मायके वालों को मिली, तो उन्होंने खुशबू के पति पर हत्या का आरोप लगाया। मृतका के भाई ने दावा किया कि खुशबू को जानबूझकर जलाया गया है। उन्होंने कहा कि उसके बहनोई ने केरोसिन तेल छिड़क कर बहन को आग के हवाले किया। मायके वालों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और खुशबू मानसिक तनाव में रहती थी।मृतका के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जो अब मां के साये से वंचित हो गए हैं। गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहती है पुलिस:
नगर थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों की मांग:
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हत्या है तो आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। साथ ही बच्चों के भविष्य को लेकर भी प्रशासन को पहल करनी चाहिए।
यह मामला महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा पर फिर से सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि जांच में सच्चाई क्या सामने आती है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button