स्कूल वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू, 19 चालान व 4 वाहन सीज़

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन। स्कूलों में संचालित वाहनों की सुरक्षा मानकों की जांच हेतु 1 से 15 जुलाई तक विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 1 से 5 जुलाई तक जनपद में 19 स्कूल वाहनों के चालान किए गए व 4 वाहन सीज़ किए गए।
वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार ने वाहन चालकों और परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। विद्यालय प्रबंधनों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि ऐसे वाहन जिनकी फिटनेस, बीमा, परमिट या प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, उन्हें तत्काल अपडेट कराकर फिटनेस जांच हेतु प्रस्तुत करें।
वाहनों की तय सीटिंग क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने, फिटनेस या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की स्थिति में न सिर्फ वाहन पर, बल्कि स्कूल प्रबंधन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षित स्कूल वाहन के लिए अनिवार्य है: पीला रंग, विद्यालय का नाम, सीट बेल्ट, गति नियंत्रक, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्टील की खिड़की ग्रिल, आपात द्वार, और वाहन पर सभी संबंधित संपर्क नंबर अंकित हों। सुरक्षा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


