ऑनलाइन पनीर रोल की जगह हुई एग रोल डिलीवरी
क्लाउड किचेन संचालक ने शाकाहारी परिवार को सावन में भेजा मांसाहारी भोजन

स्विगी पर लगाया लापरवाही का आरोप
पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद खाद्य विभाग द्वारा रेस्टोरेंट संचालक का लाइसेंस समाप्त कर दिया गया है और स्विगी को नोटिस जारी किया गया है … सहायक आयुक्त खाद्य

हापुड (यूपी) – यूपी के जनपद हापुड़ में ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी SWIGGY की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है । हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत माता मोहल्ला में एक शाकाहारी परिवार को स्विगी ( SWIGGY) से मंगाए पनीर रोल की जगह एग रोल डिलीवर किए जाने का मामला सामने आया है। जिस पर पीड़ित माधव माहेश्वरी ने सावन के महीने में धार्मिक भावनाएं आहत होने पर पूरे मामले की शिकायत फूड विभाग से की है। खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के बाद कार्यवाही की बात कही है ।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित माधव माहेश्वरी ने बताया कि उन्होंने सोमवार की रात को स्विगी के जरिए काठी एक्सप्रेस रेस्टोरेंट से डबल पनीर टिक्का काठी रोल ऑर्डर किया था। माधव और उनका परिवार जन्म से शाकाहारी हैं। सावन के महीने में वे विशेष रूप से सात्विक भोजन करते हैं। रोल की पैकिंग खोलने पर उन्हें कुछ अलग लगा। जांच करने पर पता चला कि उसमें अंडा भरा हुआ था।
माधव ने तुरंत रेस्टोरेंट और स्विगी कस्टमर केयर से संपर्क किया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने फूड विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। स्थानीय लोगों ने काठी एक्सप्रेस रेस्टोरेंट के लाइसेंस की जांच और स्विगी पर कड़ी निगरानी की मांग की है।

रेस्टोरेंट संचालक राजेंद्र प्रसाद ने बताया क्लाउड किचन के नाम से रेस्टोरेंट है। एक पनीर रोल का और एक एग रोल का ऑर्डर था। वह मिस्टेक से पनीर की जगह एग रोल चला गया। गलती हो गई है। इसके लिए हम क्षमा प्रार्थी हैं।
फूड विभाग के सहायक आयुक्त सुनील कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में पीड़ित की शिकायत के बाद जांच के बाद खाद्य विभाग द्वारा रेस्टोरेंट संचालक का लाइसेंस समाप्त कर दिया गया है और स्विगी को नोटिस जारी किया गया है



