आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ते पर जलभराव होने के कारण किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमेठी। सोमवार को सैदापुर मजरे नुवांवा गांव केआक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ते पर जलभराव होने के कारण ब्लाक मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
बीडीओ द्वारा एक माह के अंदर रास्ता बनवाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। सैदापुर के ग्रामीण रास्ते को लेकर धरना प्रदर्शन तथा मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी गांव में ही दे रहे थे। लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं नहीं रेंग रही थी। सोमवार को तेज बरसात हुई तो रास्ते में पानी भर गया। आवागमन बाधित होने पर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। ग्रामीण इकट्ठे होकर ब्लॉक परिसर पहुंचे।
और गेट पर बैनर बांधकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण अफजल खान, निखिल मिश्र, राजेश गुप्ता, अनिल दुबे, शिवम, समीर आदि लोगों ने बताया कि उनके गांव से निकलने का एक ही मार्ग है। जिस पर कीचड़ पानी भर गया है। उन लोगों ने जनप्रतिनिधियों तथा जिले के उच्चाधिकारियों से मार्ग बनवाने की कई बार मांग किया है। लेकिन उनकी मांगें अनसुनी कर दी गई। जिसके बाद खंड विकास अधिकारी बृजेश सिंह, एडीओ पंचायत पवन कुमार यादव व संबंधित पंचायत सचिव को लेकर सैदपुर गांव पहुंचे और रास्ते का निरीक्षण किया। उसके बाद ग्रामीणों को एक महीने में रास्ता बनवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।



