बिजनौर

खाई में गिरी स्कूली बच्चों से भरी वैन,कई बच्चे हुए घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

बिजनौर। धामपुर में एक निजी स्कूल की लापरवाही और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण मंगलवार को 16 मासूमों की जान खतरे में पड़ गई। टी.सी.ए. कॉन्वेंट स्कूल की वैन, जो दोपहर 2:10 बजे के करीब छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी, वह ढक्का करमचंद से मिलक जहांगीराबाद रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
इस वैन में 16 स्कूली छात्र सवार थे। वैन जैसे ही पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही के चलते वह खाई में जा गिरी। बच्चों को खुली व गहरी चोटें आईं। कई बच्चों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। बच्चों की चीख-पुकार से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंचे और अपने बच्चों को देखकर रो पड़े। कई बच्चे घबराहट और सदमे में थे। परिजन स्कूल प्रबंधन पर गुस्सा निकालते रहे। कुछ बच्चों को घायल अवस्था में बिना मेडिकल परीक्षण के परिजन घर ले गए।
मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि वैन चालक से पूछताछ की जा रही है। और वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
ध्यान देने वाली बात यह है कि अभी कुछ दिनों पहले ही शेरकोट और अफजलगढ़ क्षेत्र में भी इसी प्रकार की वैन पलटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग की आंखें बंद हैं। अधिकांश निजी स्कूलों की वैनें ओवरलोड चलती हैं।
ड्राइवर के पास उचित लाइसेंस नहीं होता। वाहन की फिटनेस, बीमा और सीट बेल्ट जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं नहीं होतीं। स्कूलों की निगरानी के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचता।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button