अमरोहा
रक्षाबंधन की खरीदारी कर लौट रहे थे, कार ने उड़ाया वीडियो माता-पिता और बेटा 10 फीट उछले,
अमरोहा में बाइक सवार 3 की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : रक्षाबंधन की खरीदारी करके बाइक से लौट रहे परिवार को कार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार माता-पिता और बेटे की मौत हो गई। तीनों टक्कर लगते ही करीब 10 फीट दूर उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। बेकाबू कार इसके बाद एक ढाबे में जा घुसी। जहां खाना खा रहे दो युवक भी घायल हो गए।रॉन्ग साइड से आ रहे होंडा सिटी के ड्राइवर को वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना रहरा थाना क्षेत्र के अलीगढ़ लिंक मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास की है। हादसा शुक्रवार शाम चार बजे हुआ था। जिसका सीसीटीवी आज सामने आया है।
खरीदारी करके लौट रहा था परिवार
ढेकला गांव के निवासी पूरन सिंह (50), उनकी पत्नी पान कोर (45) और बेटा रवि (18) शुक्रवार शाम हसनपुर से खरीदारी करके घर लौट रहे थे। शाम 4 बजे गवां की ओर से रांग साइड से आ रही होंडा सिटी कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग करीब 10 फीट तक उछलकर सड़क किनारे गिर गए। हादसे के बाद मौके पर धूल का गुबार उठा। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार एक ढाबे में जा घुसी। वहां खाना खा रहे चकफेरी गांव के सोनू और ढाबे के कर्मचारी प्रदीप भी टक्कर लगने से घायल हो गए।
माता-पिता और बेटे ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे के बाद राहगीरों ने शोर मचाया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सभी घायलों को तुरंत रहरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही पूरन सिंह, पान कौर और उनके बेटे रवि ने दम तोड़ दिया।
किसान परिवार में 2 बेटे, एक बेटी
मृतक पूरन पेशे से किसान थे। परिवार में दो बेटे सत्येंद्र (26), मनोज (23) और बेटी पुष्पा हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों के शव आज शनिवार को गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। परिजनों में चीख-पुकार मच गई।ग्राम प्रधान नवल किशोर ने बताया कि पति-पत्नी एवं उनका बेटा खरीदारी कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रही कार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हसनपुर सीओ दीप कुमार पंत ने बताया शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद घर भिजवाया गया है। कार चालक को भीड़ ने पकड़ लिया था, जिसे सूचना पर हिरासत में लिया गया है। उस पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।



