केएम इंटर कॉलेज में शिक्षकों की भिड़ंत से मचा हंगामा
शिक्षा का मंदिर बना जंग का मैदान,प्रधानाचार्य की भूमिका पर सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर। धामपुर नगर का प्रतिष्ठित एवं सबसे पुराना केएम इंटर कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में है। यह वही कॉलेज है जो पिछले लंबे समय से भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। मंगलवार सुबह इस संस्थान ने शिक्षा के मंदिर की गरिमा को शर्मसार कर दिया, जब प्रार्थना सभा के बाद बच्चों और स्टाफ के सामने ही दो शिक्षक आपस में भिड़ गए और पूरा परिसर रणभूमि में तब्दील हो गया।
सुबह की प्रार्थना सभा समाप्त होने के बाद जब छात्र-छात्राएं अपनी-अपनी कक्षाओं की ओर जा रहे थे, तभी वरिष्ठ प्रवक्ता महेंद्र सिंह और कॉलेज के ही शिक्षक अभिषेक कुमार के बीच कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि महेंद्र सिंह औरअभिषेक कुमार के बीच किसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से गहरा विवाद चला आ रहा था। इसी बात को लेकर प्रार्थना सभा समाप्त होते ही माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि अभिषेक कुमार के समर्थन में आए वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल कुमार भी महेंद्र सिंह से उलझ गए। दोनों ओर से गाली-गलौज हुई और लात-घूंसे तक चलने लगे। बच्चों के सामने शिक्षकों की यह शर्मनाक हरकत देख स्टाफ के लोग भी सकते में रह गए। प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि
पूरा घटनाक्रम कॉलेज के प्रांगण में बच्चों और कर्मचारियों के सामने घटा, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कॉलेज के प्रधानाचार्य सुभाष कुमार ने बीच-बचाव करने की कोई कोशिश नहीं की। प्रधानाचार्य पहले से ही भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिरे हुए हैं और यही कारण है कि उनकी निष्क्रियता पर अब सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि केएम इंटर कॉलेज में भ्रष्टाचार और वर्चस्व की लड़ाई ने शिक्षा की पवित्रता को बुरी तरह कलंकित कर दिया है। अब सबकी निगाहें प्रशासन और शिक्षा विभाग पर हैं कि वे इस विवादास्पद कॉलेज की अराजकता पर कब और कैसे लगाम लगाएंगे। प्रधानाचार्य सुभाष कुमार ने बताया कि उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी प्रबंधक एवं एसडीएम को दे दी है।
दोनों शिक्षक घायल
मारपीट में वरिष्ठ प्रवक्ता अनिल कुमार घायल हो गए। साथी शिक्षकों ने उन्हें तत्काल कोतवाली पहुँचाया और बाद में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहीं, महेंद्र सिंह भी घायल अवस्था में पुलिस के पास पहुँचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। अनिल कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश चौहान ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हो गई हैं और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



