बिजनौर

डीएम ने सड़क सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
  बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता मे गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक संजीव वाजपेई, लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ, ट्रैफिक पुलिस, रोडवेज सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
 बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत निर्देश दिए कि उप संभागीय परिवहन विभाग तथा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी संयुक्त रूप से स्कूल टाइम में औचक रूप से स्कूल में खड़े हुए बच्चों के परिवहन करने वाले वाहनों की फिटनेस आदि की चेकिंग करें और कमी पाए जाने पर उनके खिलाफ समुचित कार्यवाही करते हुए उनका परिवहन बंद कराएं। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन स्कूलों द्वारा बच्चों के परिवहन के लिए वाहनों द्वारा निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं कराया जा रहा है, उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कूल की मान्यता रद्द करें। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि स्कूली बच्चों के जीवन से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समाज के हर व्यक्ति की जिंदगी से जुड़ी हुई है, जिसके पेशेनजर आवश्यक है कि सड़क सुरक्षा को पूर्ण मानकों के अनुसार सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लेक स्पॉट सहित सभी एक्सीडेंटल स्थानों पर एक्सीडेंट रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रयास और उपाय किए जाएं और साथ ही यह भी निर्देश दिए कि जांच करें कि किन कारणों से एक्सीडेंट हो रहे हैं।उन्होंने एनएचआई के अधिकारियों निर्देश दिए कि बरसात में नेशनल हाईवे के जो मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं उनकी तत्काल मरम्मत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस एवं संभागीय परिवहन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संयुक्त रूप से ई-रिक्शाओं की जांच करें और जो रिक्शा बिना पंजीकरण के संचालित पाई जाए उसे सीज करना सुनिश्चित करें। इसी के साथ उन्होंने रोडवेज संभागीय परिवहन एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संयुक्त रूप से टीम गठित कर जिले में स्थापित रोडवेज बस अड्डे से संचालित होने वाले अवैध वाहनों की चेकिंग करें और जो भी वहां बिना परमिट के संचालित पाया जाए उसे भी सीज करें।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, एनएचआई एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए सड़क के दोनों ओर प्राथमिकता पर सुरक्षात्मक चिन्ह एवं रिफिलेक्टर लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित जगहों पर टेबिल टाप रोड ब्रेकर भी बनवाएं तथा चालकों की सुविधा के लिए उन पर सफेद लाइन भी बनाई जाएं ताकि कम से कम दुर्घटना की सम्भावना रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर दुघर्टनायें हो रही हैं, उन्हें चिन्हित कर उनमें तत्काल सुधार की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button